मुहम्मदाबाद। भांवरकोल क्षेत्र के भदौरा गांव स्थित खेल मैदान में आयोजित बाबा भद्रेश्वरनाथ नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार देर रात उत्साह, रोमांच और खेल भावना के शानदार माहौल के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में मोहम्मदाबाद की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सलारपुर को 8 विकेट से हराकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के दौरान मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही और चौके-छक्कों पर तालियों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही। हर साल की तरह इस वर्ष भी बाबा भद्रेश्वरनाथ क्रिकेट टीम भदौरा द्वारा नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था, जिसमें क्षेत्र सहित आसपास के कई गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मोहम्मदाबाद और सलारपुर टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सलारपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 77 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहम्मदाबाद की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 78 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। मोहम्मदाबाद की जीत के साथ ही मैदान में मौजूद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता एवं “पहला कदम सेवा संगठन” के अध्यक्ष आशीष कुशवाहा ने फीता काटकर किया। इस दौरान बृजेश कुशवाहा, अरुण राजभर और योगेश सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। मुख्य अतिथि आशीष कुशवाहा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो जीतिए, लेकिन हारने पर धैर्य रखिए और अगली बार ट्रॉफी जीतने का सपना देखिए। जब दो बहादुर मैदान में उतरते हैं तो एक की जीत और एक की हार तय होती है, लेकिन दोनों ही बहादुर कहलाते हैं। उन्होंने कहा कि गांव की गलियों में भी सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी जैसी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें मंच और अवसर देने की है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का काम करते हैं और युवाओं को गलत रास्तों से दूर रखकर खेल के प्रति प्रेरित करते हैं। मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। चौकों और छक्कों पर लोग तालियां बजाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्रकार बंधुओं की टीम भी मौजूद रही। विजेता टीम मोहम्मदाबाद को चैंपियन ट्रॉफी मुख्य अतिथि आशीष कुशवाहा द्वारा प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सलारपुर टीम को ट्रॉफी राधेश्याम मास्टर द्वारा दी गई। मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी बृजेश कुशवाहा और मैन ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी इंद्रजीत राजभर द्वारा प्रदान की गई। प्रतियोगिता को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष ओमनारायण राजभर, उपाध्यक्ष अनिरुद्ध राजभर तथा टीम सदस्य अंकित, पवन, सोनू, मयंक, गोलू, विशाल, श्रीभगवान, धनु, मनीष, जानेमन, निरहू, गोलू और धनंजय सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
वहीं कमेंट्री बॉक्स में राधेश्याम कुशवाहा, अशोक गिरी, सुनील राजभर, बेदी राजभर और अजय राजभर ने अपनी शानदार कमेंट्री से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
