जहां किसान एक एक बोरी यूरिया के लिए तरस रहे है वहीं सचिव द्वारा माफियाओं को टेलर भर के दिया जा रहा यूरिया
कुशीनगर । नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सहकारी समिति सरपतही बुजुर्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक ट्रैक्टर-ट्रेलर पर लगभग 40 बोरी यूरिया खाद लदे होने का दृश्य दिखाई दे रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म हो गया है।
वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि समिति सचिव द्वारा अधिक मूल्य लेकर यूरिया बेचा जा रहा है तथा बिना खारिज (पंजीकरण/पर्ची सत्यापन) किए अपने चहेतों एवं कथित माफियाओं को मन चाहा खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कई किसान एक-एक बोरी यूरिया के लिए घंटों लंबी कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समिति पर खाद उपलब्ध है तो सभी किसानों को नियमानुसार वितरण किया जाना चाहिए, ताकि किसी को परेशानी न हो। वायरल वीडियो के बाद किसानों में नाराजगी भी देखी जा रही है और मामले की जांच की मांग उठने लगी है।
हालांकि दैनिक समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
किसानों ने प्रशासन व संबंधित विभाग से मांग की है कि वायरल वीडियो की जांच कराकर यदि अनियमितता पाई जाए तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए, जिससे खाद वितरण व्यवस्था पारदर्शी बन सके।
