डॉ राममनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज, अध्यात्मपुरम, गाजीपुर द्वारा बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए स्काउट-गाइड संबंधी जानकारी और प्रशिक्षण के उद्देश्य से पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में गाजीपुर मुख्यालय से पधारे अखिलेश यादव ने अत्यंत मनोयोगपूर्वक पाठ्यक्रम आधारित स्काउट-गाइड के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पक्षों को प्रशिक्षुओं को विस्तार से समझाया। शिविर का सफल संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विजेंद्र सिंह के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें संयोजक श्री राजेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्काउट गाइड द्वारा बनाए गए टेंट शिविरों का भी अतिथि गण द्वारा अवलोकन किया गया जो प्रशंसनीय था।
जीवन में स्काउट-गाइड के महत्व को रेखांकित करते हुए आयोजित इस पंचदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रो विनोद मिश्र थे, जो विश्व हिंदी सचिवालय मारीशस के पूर्व महासचिव रह चुके हैं तथा वर्तमान में त्रिपुरा विश्वविद्यालय अगरतला में संकायाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। इस अवसर पर वे अपनी पत्नी श्रीमती गायत्री मिश्र तथा पुत्री मनीषा मिश्र के साथ उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रो. विनोद मिश्र ने महाविद्यालय के संस्थापक कर्मवीर सत्यदेव सिंह का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्था नहीं, बल्कि उनकी तपस्थली है। उन्होंने कहा कि अत्यंत कम शुल्क में उपेक्षित एवं वंचित वर्ग को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना इस संस्थान की बड़ी विशेषता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय द्वारा किया जा रहा कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मवीर सत्यदेव सिंह के दोनों पुत्र, आनंद सिंह एवं सानंद सिंह, उनके शैक्षिक स्वप्नों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर सत्यदेव ग्रुप आफ कॉलेजेस के सीएमडी प्रो आनंद सिंह ने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के उद्देश्यों और महत्व पर संक्षेप में प्रकाश डालते हुए कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं में अनुशासन, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और राष्ट्रसेवा की भावना से भी समृद्ध करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर विजेंद्र कुमार सिंह द्वारा प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रशिक्षुओं, प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
