भांवरकोल/ गाजीपुर। भांवरकोल विकास खंड अंतर्गत शहीद ग्राम सभा शेरपुर में प्रस्तावित देशी शराब की दुकान के आवंटन को लेकर स्थानीय स्तर पर तीव्र विरोध सामने आया है। क्षेत्र की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती श्रद्धा राय ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस आवंटन को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेरपुर गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक प्रमुख से मुलाकात कर गांव में खुलने वाली देशी शराब की दुकान के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि इस निर्णय से गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ब्लॉक प्रमुख श्रद्धा राय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि शेरपुर गांव का ऐतिहासिक महत्व रहा है। यह वही गांव है जहां आजादी की लड़ाई के दौरान आठ वीर सपूतों ने अपनी शहादत दी थी। ऐसे गौरवशाली गांव में शराब की दुकान का संचालन गांव की गरिमा और शहीदों के सम्मान के विपरीत है। उन्होंने यह भी कहा कि शराब दुकान खुलने से गांव की छवि धूमिल हो रही है और सामाजिक संतुलन बिगड़ने की आशंका है। इस संदर्भ में उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शेरपुर ग्राम सभा में आवंटित देशी शराब की दुकान को निरस्त किया जाए।
इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी प्रशासन से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
