सेवराई। तहसील सभागार कक्ष में शनिवार को एसडीएम संजय यादव की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं के समाधान से ज्यादा खाली कुर्सियां चर्चा का विषय बनी रहीं। वहीं समाधान दिवस के दौरान बिजली विभाग के एसडीओ अमित सिंह मोबाइल पर वीडियो गेम खेलते नजर आए, जिसे लेकर वहां मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने जमीन विवाद, बिजली, राजस्व और अन्य समस्याओं से संबंधित कुल 38 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। हालांकि इनमें से केवल चार मामलों का ही मौके पर निस्तारण हो सका, जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को जांच व कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सभागार में कई विभागों की कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। फरियादियों का कहना था कि जिस उम्मीद से वे अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे, उस अनुपात में अधिकारी मौजूद नहीं दिखे। इसी बीच बिजली विभाग के एसडीओ दिलदारनगर अमित सिंह मोबाइल पर वीडियो गेम खेलते दिखाई दिए, जिसका वीडियो और चर्चा पूरे तहसील परिसर में होती रही। इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीएम संजय यादव ने बताया कि कई कर्मचारियों की ड्यूटी इन दिनों फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लगाई गई है, जिसके चलते कुछ सीटें खाली रहीं। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
समाधान दिवस में फरियादियों से ज्यादा दिखीं खाली कुर्सियां, बिजली विभाग के एसडीओ मोबाइल पर गेम खेलते नजर आए
