धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
यूपीआई फ्रॉड की शिकार फरजाना खातून को अथक प्रयासों से मिला न्याय; पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अभियान को मिली बड़ी कामयाबी
मऊ। साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को उनकी ठगी गई धनराशि वापस दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना कोपागंज की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने एक उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। टीम ने यूपीआई के माध्यम से हुई ऑनलाइन ठगी में गई सैतालिस हजार (₹47,000) रुपये की संपूर्ण धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी।
ग्राम हिकमा चट्टी शिवपुर गाढ़ा निवासी फरजाना खातून, पत्नी लतीफुर्रहमान, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा यूपीआई के जरिए साइबर ठगी का शिकार हुई थीं। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक मऊ के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में साइबर टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले की गहन जांच शुरू की। अथक परिश्रम और तकनीकी दक्षता से काम करते हुए पुलिस ने ठगी की पूरी राशि पीड़िता के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी।
इस सफलता पर फरजाना खातून ने उच्चाधिकारियों एवं साइबर क्राइम थाना कोपागंज के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
“साइबर अपराध किसी के साथ भी और किसी भी रूप में हो सकता है। जागरूकता ही एकमात्र बचाव है। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या यूपीआई पिन साझा न करें।”
— साइबर क्राइम पुलिस, थाना कोपागंज, जनपद मऊ
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
