सेवराई। तहसील क्षेत्र के भदौरा विकासखंड परिसर स्थित क्रय केंद्र पर गुरुवार से गेहूं की खरीदारी शुरू कर दी गई। खरीद प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है।
किसान वृंदावन गुप्ता एवं आशुतोष सिंह ‘आशु’ ने बताया कि गेहूं बिक्री के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन तमाम कवायदों के बावजूद खरीदारी शुरू नहीं हो पा रही थी। इस समस्या को लेकर किसानों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को पत्रक भी सौंपा था। इसके बाद गुरुवार से खरीद प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।
क्रय केंद्र प्रभारी एसएमआई मोहम्मद उस्मान ने बताया कि आज से गेहूं की खरीद शुरू कर दी गई है। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, वे ही अपने गेहूं की बिक्री कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना फार्मर रजिस्ट्री के गेहूं की खरीद संभव नहीं होगी।
किसानों ने खरीद प्रक्रिया शुरू होने पर संतोष जताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया है, वहीं समयबद्ध और सुचारु खरीद व्यवस्था बनाए रखने की मांग भी की है।
