- मिर्जापुर प्रकरण पर मऊ में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से रहेंगे विरत !
मऊ। मिर्जापुर में हुई घटना के विरोध में जनपद मऊ के अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। सिविल कोर्ट मऊ डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन एवं जनपद की समस्त तहसील बार एसोसिएशनों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों व महामंत्रियों ने एकजुट होकर अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग तेज कर दी है।
मिर्जापुर बार एसोसिएशन के प्रस्ताव के समर्थन में सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:30 बजे जनपद के सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके साथ ही संबंधित जिलाधिकारी को अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ के पूर्व महामंत्री रितेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश जनपदों के बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से टेलिफोनिक संपर्क कर समर्थन प्राप्त किया गया है। सभी से अपील की गई है कि एकजुट होकर एक समय और एक योजना के तहत सरकार के समक्ष अपनी आवाज को मजबूती से रखें, ताकि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही रितेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी अधिवक्ताओं से एकजुट होकर इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ के अध्यक्ष दिनेश राय ने मिर्जापुर में हुई निंदनीय घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और पीड़ित परिवार को सहायता देने में देरी करती है, तो अधिवक्ता आर-पार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश शासन की होगी।
