गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के सुरनी मोड़ के पास लट्टुडीह–कोटवा मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बक्सर के लालगंज छावनी निवासी धीरेंद्र खरवार (35), संजय राजभर (50) और नितिश (35) एक ही बाइक से गोड़ऊर से बक्सर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुरनी मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई और पलट गई।
हादसे में धीरेंद्र खरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार संजय राजभर और नितिश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
