संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर। ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और ब्लॉक इकाइयों के गठन की प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक गठन प्रभारी प्रमोद राय द्वारा बुलाई गई थी, जो जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार और सक्रियता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला उपाध्यक्ष प्रमोद राय ने बैठक में प्रस्ताव रखते हुए कहा कि नवगठित पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए ब्लॉक गठन की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसके लिए उन्होंने सभी पदाधिकारियों को ब्लॉक प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार देने का प्रस्ताव रखा, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर ब्लॉक स्तर तक संगठन का ढांचा मजबूत किया जा सके। इस प्रस्ताव को उपस्थित पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र राय ‘बबलू’ ने सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती उसकी सक्रिय इकाइयों पर निर्भर करती है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा अप्रैल माह के अंत तक हर हाल में ब्लॉक गठन की प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि संगठन को समाज के बीच मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर सक्रियता और समर्पण जरूरी है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री राकेश रंजन राय ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने की। अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से समाज के लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की रणनीति भी तय की गई। साथ ही पदाधिकारियों से अपील की गई कि वे क्षेत्र में जाकर अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ें और सामाजिक एकता को मजबूत करें।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र राय बबलू, राष्ट्रीय प्रवक्ता त्रिलोकी नाथ राय ‘महादेव’, प्रदेश महामंत्री रासबिहारी राय, जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद राय, पवन राय, दीनबंधु राय, डॉ. आलोक राय, रविशंकर राय, जिला महामंत्री राकेश रंजन राय, ज्ञानेश्वर राय, हिमांशु राय सोनू, सुनील राय, जिला संगठन मंत्री विजय बहादुर राय, अश्विनीकांत राय, धनंजय प्रधान, नारायण राय, राजू राय, शैलेन्द्र राय सोनू, दिनेश राय, तीर्थराज राय, सुजीत राय, रत्नेश राय, राजेश राय डब्लू, जिला कोषाध्यक्ष कुलमयंक राय (पिंटू), जिला सह कोषाध्यक्ष अभिषेक राय, जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी हिमांशु राय, जिला प्रवक्ता श्रीनारायण राय, जिला मीडिया सेल प्रभारी सुधीर राय, जिला मीडिया प्रभारी (इलेक्ट्रॉनिक) विवेकानंद तथा जिला मीडिया प्रभारी (प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक) अभिषेक राय सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और निर्धारित समय सीमा में ब्लॉक गठन की प्रक्रिया पूरी करने का संकल्प लिया।
