धर्मेन्द्र भारद्वाज |मऊ
मऊ, 25 मार्च 2026:
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार देर रात मऊ दौरे के दौरान तमसा नदी पर हनुमान घाट के पास निर्माणाधीन पीपा पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत कार्यक्रमों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों की मांग पर मंत्री ने इस पीपा पुल का नाम “हनुमान सेतु” रखने की घोषणा की। नामकरण की घोषणा होते ही मौके पर मौजूद जनसमूह ने तालियों और जयकारों के साथ स्वागत किया।
मंत्री ने कहा कि यह पुल केवल दो किनारों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि मऊ जिले के समग्र विकास की दिशा में एक अहम कदम है। इसके निर्माण से आसपास के दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश के संतुलित और समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है और जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
