कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत खड्डा के सिविल लाइन्स वार्ड में रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि एक गौशाला में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन गायों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो गायें बुरी तरह झुलस गई हैं। आग बुझाने के प्रयास में गौशाला स्वामिनी भी गंभीर रूप से झुलस गई, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, सोहरौना गांव की रहने वाली सुगन्धी देवी खड्डा नगर के सिविल लाइन्स में किराए की एक बाउंड्री रहित गौशाला चलाती थीं और दूध का व्यवसाय करती थीं। सोमवार देर रात करीब 12 बजे मच्छरों से बचाव के लिए जलाए गए धुएं (धुआंरा) की चिंगारी से अचानक गौशाला में भीषण आग लग गई।
आग की लपटें देखते ही गायें घबराहट में चिल्लाने लगीं। चीख-पुकार सुनकर सो रही सुगन्धी देवी तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने व गायों को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने साहस दिखाते हुए दो गायों की रस्सी खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया था, जिससे तीन गायों को नहीं बचाया जा सका।अस्पताल में भर्ती हैं सुगन्धी देवी,इस संघर्ष के दौरान सुगन्धी देवी खुद भी आग की चपेट में आ गईं और उनके दोनों पैर तथा शरीर के अन्य अंग बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एम्बुलेंस द्वारा सीएचसी तुर्कहा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।प्रशासनिक कार्रवाई,घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह राजस्व विभाग की टीम और पशु चिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचे। राजस्व कर्मियों द्वारा नुकसान का आकलन किया गया है, वहीं पशु विभाग के अधिकारियों ने मृत गायों का पंचनामा भरवाकर आवश्यक कार्रवाई की है।



