धर्मेंद्र भारद्वाज / मऊ
मऊ। महान स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के सदस्य एवं घोसी लोकसभा क्षेत्र के प्रथम सांसद श्रद्धेय स्वर्गीय पंडित अलगू राय शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को नगर पालिका कम्युनिटी हॉल, मऊ में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पं. अलगू राय शास्त्री जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्य अतिथि ए के शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित अलगू राय शास्त्री जी का स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में योगदान राष्ट्र के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के आदर्श आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके विचारों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने पं. शास्त्री जी के सामाजिक, राजनीतिक एवं राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
