मऊ। एसडीएम मोहम्दाबाद गोहाना की कथित दमनकारी नीतियों, मनमाने रवैये एवं वादकारियों से धन उगाही के विरोध में चल रहे अधिवक्ताओं के आंदोलन को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन कलेक्ट्रेट मऊ ने अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन कलेक्ट्रेट मऊ ने एसडीएम मोहम्दाबाद गोहाना की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक संबंधित अधिकारी का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। एसोसिएशन ने कहा कि वह मोहम्मदाबाद गोहाना के अधिवक्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन कलेक्ट्रेट मऊ के महामंत्री रितेश कुमार श्रीवास्तव स्वयं मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अधिवक्ताओं के स्वाभिमान की है और इसे निर्णायक अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
महामंत्री ने जनपद के सभी अधिवक्ता संगठनों—तहसील घोसी, तहसील मधुबन एवं तहसील सदर—के अध्यक्ष एवं महामंत्री से आंदोलन को सहयोग देने की अपील की है, ताकि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा एकजुट होकर की जा सके।
Edited by Umashankar
