श्री हनुमत महायज्ञ का समापन: लंका दहन से अयोध्या आगमन तक कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु


कुशीनगर । विशुनपुरा विकास खण्ड के चितहा गांव स्थित चौरा बाबा स्थान पर चल रहे श्री हनुमत महायज्ञ का अंतिम दिन अत्यंत भावुक और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी ने लंका दहन, राक्षसों के संहार, माता सीता की अग्नि परीक्षा तथा प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन का मार्मिक वर्णन किया। उनके ओजपूर्ण और भावपूर्ण वाचन से पूरा पंडाल भक्ति रस में डूब गया।
कथा के दौरान जब लंका दहन और रावण वध के प्रसंग आए तो श्रोताओं ने जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान कर दिया। वहीं सीता की अग्नि परीक्षा और अयोध्या वापसी का प्रसंग सुनकर कई श्रद्धालु भावुक हो उठे। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने खड़े होकर साध्वी जी का अभिनंदन किया।
समापन अवसर पर श्रोताओं से विदा लेते हुए कथा वाचिका भावविह्वल हो गईं। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें जो स्नेह और प्रेम मिला है, उससे यहां से जाने का मन नहीं करता, किंतु विदाई जीवन की सतत चलने वाली प्रक्रिया है। यहां से आगे अन्य स्थानों पर भी रामकथा का अमृत बांटना है। उनके इन शब्दों से उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
सुबह से ही यज्ञ स्थल की परिक्रमा करने हेतु श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से भी लोग अंतिम दिन की कथा सुनने पहुंचे। पूरे दिन भजन-कीर्तन और हवन-पूजन का क्रम चलता रहा।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यज्ञ कमेटी के सदस्यों के साथ नेबुआ नौरंगिया पुलिस भी मुस्तैद रही। पुलिस बल ने भीड़ को व्यवस्थित रखने और यातायात सुचारु बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।
महायज्ञ के सफल आयोजन पर ग्रामवासियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक जागृति और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। अंतिम दिन प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।इस दौरान सांसद विजय कुमार दुबे,ब्लाक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव,ब्लाक प्रमुख शशांक दुबे,पूर्व ब्लाक प्रमुख रंजना दुबे,रामकोला गन्ना समिति के चेयरमैन शंतिश शाही,प्रधानसंघ जिलाध्यक्ष संतोष मणि तिवारी,राजू पाठक सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित थे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें