धर्मेन्द्र भारद्वाज। मऊ
अब कैशलेस और निःशुल्क मिलेगा पूर्ण स्वास्थ्य उपचार
भारतीय सशस्त्र बलों के सेवानिवृत्त सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। अब पूर्व सैनिकों का संपूर्ण उपचार मऊ स्थित शारदा नारायण हॉस्पिटल में पूर्णतया निःशुल्क और कैशलेस रूप में उपलब्ध होगा। अस्पताल को भारत सरकार की ईसीएचएस (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) योजना से विधिवत रूप से संबद्ध कर दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी मंगलवार को शारदा नारायण हॉस्पिटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अस्पताल के संस्थान निदेशक एवं प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. संजय सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि ईसीएचएस योजना का उद्देश्य सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिवारों को मजबूत, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक चिंता के बेहतर इलाज प्राप्त कर सकें।
स्मार्ट कार्ड से मिलेगा कैशलेस इलाज
मेडिकल डायरेक्टर डॉ. सुजीत सिंह ने बताया कि ईसीएचएस के अंतर्गत पूर्व सैनिकों को स्मार्ट कार्ड के माध्यम से कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाएगी। इस योजना में ओपीडी और आईपीडी दोनों प्रकार की सेवाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, सभी आवश्यक जांचें, आपातकालीन उपचार तथा उपचारोपरांत प्रतिपूर्ति की सुविधा शामिल है।
परिवार के सदस्य भी होंगे लाभान्वित
डॉ. सिंह ने बताया कि इस योजना का लाभ सैन्य कर्मियों के आश्रितों—पति/पत्नी, बच्चे एवं माता-पिता—को निर्धारित शर्तों के तहत प्रदान किया जाएगा। इससे पूर्व सैनिकों के पूरे परिवार को एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिलेगा।
क्षेत्रीय पूर्व सैनिकों के लिए बड़ी राहत
उन्होंने कहा कि मऊ सहित आसपास के जनपदों के पूर्व सैनिकों के लिए शारदा नारायण हॉस्पिटल ईसीएचएस के तहत सेवा प्रदाता के रूप में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
पूर्व सैनिकों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में यह पहल एक सराहनीय कदम मानी जा रही है, जिससे हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
