
प
*दरोगा द्वारा गाली देने का वीडियो वायरल, पुष्टि नहीं*
कुशीनगर।नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द निवासी अंगद कुशवाहा द्वारा ग्राम सभा में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता व कथित धांधली को लेकर आरटीआई के माध्यम से जानकारी मांगना तथा आईजीआरएस पर शिकायत करना अब उसके लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है।
अंगद कुशवाहा का आरोप है कि ग्राम स्तर के कुछ जिम्मेदारों द्वारा पहले उसे तरह-तरह के प्रलोभन देकर समझौता कराने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ तो अब पुलिस के माध्यम से उस पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
इसी क्रम में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस के एक दरोगा कथित रूप से अंगद कुशवाहा को गाली देते नजर आ रहे हैं। हालांकि समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि युवक द्वारा शिकायतें सही हैं तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वहीं वायरल वीडियो के आधार पर पुलिसकर्मी के व्यवहार की भी जांच कराई जानी चाहिए।
फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
