कुशीनगर ।नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मदारबिंदवलिया गांव निवासी सुखल चौहान के साथ पुरानी रंजिश को लेकर दोबारा मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि बीते 30 जनवरी को बाजार से घर लौटते समय रास्ते में पट्टीदारों ने घेरकर सुखल की पिटाई कर दी, जिससे उनका हाथ टूट गया। घायल अवस्था में परिजनों द्वारा उन्हें उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि इससे पूर्व भी 5 जनवरी को आरोपित पाटीदारों द्वारा सुखल के घर में घुसकर मारपीट की गई थी। इतना ही नहीं, आरोप है कि इस दौरान उसकी नाबालिग पुत्री के कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर लज्जा भंग करने का प्रयास किया गया। इस संबंध में पीड़ित ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया था, किंतु आरोप है कि उस समय पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जिससे आरोपियों का मनोबल बढ़ गया।
परिजनों का कहना है कि यदि पहले की घटना में समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो 30 जनवरी की घटना और सुखल का हाथ टूटने जैसी गंभीर स्थिति टाली जा सकती थी।
इस प्रकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा पूर्व प्रार्थना पत्र की भी जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।


