धर्मेन्द्र भारद्वाज |
जनवरी में 111 रु बढ़ोतरी के बाद फरवरी में फिर इजाफा; घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर के दाम जस के तस
नई दिल्ली, 1 फरवरी 2026।
केंद्रीय बजट पेश होने से ठीक पहले आम कारोबारियों, ढाबा-रेस्टोरेंट संचालकों और हलवाइयों को महंगाई का झटका लगा है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों IOC, HPCL और BPCL ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 49 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। इससे पहले जनवरी में भी इस सिलेंडर के दाम में 111 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई थी।
हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह अब भी 853 रुपये पर स्थिर है।
हर महीने होती है समीक्षा
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर के दाम की समीक्षा करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत यह बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली में नया रेट
IOC की वेबसाइट के अनुसार दिल्ली में 19 किलो कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1740.50 रुपये का हो गया है। पहले इसकी कीमत 1691.50 रुपये थी। घरेलू सिलेंडर का दाम 853 रुपये ही है, जिसे HPCL और BPCL भी फॉलो कर रही हैं।
महानगरों में कॉमर्शियल सिलेंडर के नए दाम
| शहर | नया दाम (₹) |
|---|---|
| दिल्ली | 1740.50 |
| कोलकाता | 1844.50 |
| मुंबई | 1692.00 |
| चेन्नई | 1899.50 |
पिछले साल लगातार घटी थीं कीमतें
जनवरी और फरवरी में बढ़ोतरी से पहले 2025 में लंबे समय तक इस सिलेंडर के दाम घटते रहे थे। मार्च 2025 में दिल्ली में इसकी कीमत 1803 रुपये थी, जो दिसंबर 2025 तक घटकर 1580.50 रुपये रह गई थी। नवंबर और दिसंबर में भी क्रमशः 10 और 5 रुपये की कटौती हुई थी।
लेकिन नए साल की शुरुआत से ही बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे होटल, ढाबा, मिठाई दुकानों और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
क्या पड़ेगा असर
कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से खाने-पीने की दुकानों के संचालन खर्च बढ़ेंगे। इसका असर आने वाले दिनों में खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।
