कुशीनगर । नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी सड़क पर अपनी बाइक खड़ी कर उसी पर बैठे दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार निरंकारी चौराहा से पिपरा खुर्द जाने वाले मार्ग का है। हालांकि समाचार पत्र इस लगभग दो मिनट के वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि संकरी सड़क पर पुलिसकर्मी द्वारा सड़क बाइक खड़ी कर बैठ जाने से पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई है। पीछे खड़े वाहन चालक लगातार हार्न बजाते नजर आ रहे हैं, लेकिन वीडियो में संबंधित पुलिसकर्मी द्वारा बाइक हटाने की कोई तत्परता नहीं दिखाई देती। इस दौरान राहगीरों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता दिख रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग ग्रामीण क्षेत्र को मुख्य सड़क से जोड़ता है, जहां दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क के बीच वाहन खड़ा कर देने से यातायात बाधित होना स्वाभाविक है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सूत्रों का कहना है कि उक्त पुलिसकर्मी का क्षेत्र में काफी दबदबा बताया जाता है और आमजन उससे सीधे तौर पर शिकायत करने से हिचकिचाते हैं। हालांकि इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले को लेकर जब स्थानीय लोगों से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि यदि वीडियो वास्तविक है तो संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे।
इस संबंध में थाने के जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका था। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो यह मामला विभागीय अनुशासन और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय माना जाएगा।
