




कुशीनगर । नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और छिनैती की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस न तो घटनाओं पर अंकुश लगा पा रही है और न ही कई मामलों में मुकदमा दर्ज करने में तत्परता दिखा रही है।
बीते 23 फरवरी को अज्ञात चोरों ने पिपरा जवाहिर निवासी शकूर तथा बरवा पट्टी निवासी योगेंद्र की भैंस चोरी कर ली। पशुपालकों के अनुसार घटना की तहरीर थाना में दी गई, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पोर्टल जनसुनवाई के माध्यम से भी उच्चाधिकारियों से की है।
भैंस चोरी की घटना के दो दिन बाद ही योगेंद्र की मां, जो मिठहा माफी गांव में रहती हैं, के साथ कुछ उचक्कों ने मंगलसूत्र छिनैती की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में भी तहरीर देने के बावजूद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किए जाने का आरोप है।
इतना ही नहीं, बीते दिनों नौरंगिया तिराहा स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई भीषण चोरी की घटना में पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्त तथा कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल हो सके।
