धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। जनपद में पुलिस ने एक बार फिर भरोसे को मजबूत करने वाला काम किया है। साइबर सेल की सक्रियता और तकनीकी निगरानी के जरिए कुल 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक इला मारन के नेतृत्व में संचालित की गई। अलग-अलग थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर सेल ने ट्रैकिंग कर मोबाइल फोनों को बरामद किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कई मोबाइल फोन ऐसे थे जो गुम होने के बाद अन्य जिलों और राज्यों में इस्तेमाल हो रहे थे। तकनीकी सर्विलांस और Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल की मदद से इन्हें ट्रेस कर वापस लाया गया।
CEIR पोर्टल से ऐसे मिल सकता है गुम मोबाइल
यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए तो वह ceir.gov.in पोर्टल पर जाकर शिकायत दर्ज कर सकता है।
- मोबाइल नंबर और IMEI नंबर दर्ज करें
- पुलिस शिकायत की कॉपी अपलोड करें
- ब्लॉक रिक्वेस्ट सबमिट करें
इसके बाद संबंधित एजेंसियां मोबाइल को ट्रैक कर ब्लॉक या बरामद करने की प्रक्रिया शुरू करती हैं।
मोबाइल पाकर खिले चेहरे
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर साफ खुशी दिखी। कई लोगों ने बताया कि मोबाइल में जरूरी दस्तावेज, फोटो और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी थी, जो अब सुरक्षित वापस मिल गई है।
मऊ पुलिस की इस पहल ने साफ संदेश दिया है कि तकनीक के सही इस्तेमाल से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। जनपद में यह कार्रवाई न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिहाज से अहम है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत करती है।
