धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। जिले के रोडवेज परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शादी के नाम पर तय रकम लेने के बाद दुल्हन बनी युवती ने साथ जाने से इनकार कर दिया और भागने की कोशिश की। मामला बिजनौर से आए दो परिवारों के बीच तय हुई शादी से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवार एक स्थानीय प्लाजा में ठहरे हुए थे और शादी की बातचीत अंतिम दौर में थी। सुबह रस्मों से पहले तय शर्त के अनुसार युवती को एक लाख रुपये दिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद युवती ने शादी से मुकरते हुए वहां से निकलने की कोशिश की।
परिजनों को मामला संदिग्ध लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज परिसर में युवती ने हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन बिजनौर से आई महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान कथित तौर पर थप्पड़ भी मारे गए। हंगामे के बीच परिवार ने युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज परिसर की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या यह ठगी का मामला है या फिर किसी गलतफहमी ने शादी को विवाद में बदल दिया? जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
