धर्मेन्द्र भारद्वाज |मऊ
मऊ के थाना कोतवाली क्षेत्र के मुंशीपुरा मोहल्ले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी की टंकी के पास एक कंकाल मिलने की सूचना सामने आई। सुनसान इलाके से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही कंकाल पर पड़ी, उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर यह कंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। हालत ऐसी है कि पहली नजर में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि अवशेष किसी बच्चे के हैं या वयस्क के।
पुलिस क्या कह रही है?
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना कोतवाली के सारहु पुलिस चौकी क्षेत्र में सिर के अवशेष मिले हैं। उन्हें सुरक्षित कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है। अब यह जांच की जाएगी कि ये अवशेष यहां किन परिस्थितियों में पहुंचे। यह संभावना भी देखी जा रही है कि कहीं किसी जानवर द्वारा इन्हें यहां लाकर तो नहीं छोड़ा गया।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
