धर्मेन्द्र भारद्वाज |मऊ
मऊ। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बशारतपुर स्थित वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर सोमवार देर रात दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रेलर में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घोसी कोतवाली और दोहरीघाट थाना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट कर राहत व बचाव कार्य कराया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ट्रेलर गोरखपुर की दिशा से आ रहे थे। ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
मृतक चालक की पहचान संदीप कुमार राणा (22) पुत्र …, निवासी हजारीबाग, झारखंड के रूप में हुई है। वह हल्दिया, पश्चिम बंगाल से कोयला लादकर गोरखपुर के शाहजनवा की ओर जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस के अनुसार, फरार ट्रेलर चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।
