मऊ में 16 से 27 फरवरी तक खसरा-रुबेला विशेष टीकाकरण अभियान ढाई लाख बच्चों को एमआर वैक्सीन लगाने का लक्ष्य, 1500 स्कूल–मदरसों में चलेगा अभियान


धर्मेन्द्र भारद्वाज |मऊ

मऊ। जिले में खसरा-रुबेला से बचाव के लिए 16 फरवरी से 27 फरवरी तक विशेष स्कूल-आधारित टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी।

सीएमओ ने बताया कि यह अभियान कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सभी बच्चों के लिए है। उन्हें खसरा-रुबेला (एमआर) वैक्सीन की खुराक दी जाएगी। अभियान दो सप्ताह तक सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को संचालित होगा। कुल 8 दिन टीकाकरण किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने लगभग ढाई लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जिले के 1500 विद्यालयों और मदरसों को चिन्हित किया गया है, जहां स्वास्थ्य टीम पहुंचकर टीकाकरण करेगी।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि जनवरी माह से अब तक जिले में खसरा के 24 मरीज सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि खसरा एक संक्रामक बीमारी है और बच्चों में इसकी मृत्यु दर अधिक हो सकती है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, शरीर पर लाल दाने या चकत्ते, आंखों से पानी आना, नाक बहना और खांसी शामिल हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई दें तो उन्हें तुरंत अलग रखें और स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य टीम सक्रिय केस सर्च, संक्रमण की रोकथाम, साफ-सफाई की व्यवस्था और अन्य बच्चों की जांच जैसे कदम उठाती है।

सीएमओ ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और मदरसा प्रबंधनों का सहयोग आवश्यक है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें