धर्मेंद्र भारद्वाज । मऊ
मऊ में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर रोक की मांग, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन
मऊ। प्रस्तावित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर जिले में अधिवक्ता समाज ने कड़ा विरोध जताया है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि फिल्म के माध्यम से समाज विशेष की छवि को आहत करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के पोस्टर जलाए और निर्देशक मृदुल तिवारी के खिलाफ नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से फिल्म की सामग्री की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं अखिल भारतीय यादव महासभा की प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता निर्मला यादव ने कहा कि किसी भी समाज की गरिमा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने तथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
