धर्मेंद्र भारद्वाज। मऊ
मऊ जिले की सदर विधानसभा सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, यानी सुभासपा के विधायक अब्बास अंसारी आज मऊ न्यायालय में पेश हुए। यह पेशी चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े एक मामले में हुई है। विधायक की न्यायालय में मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्य द्वार से लेकर परिसर के भीतर तक पुलिस बल की तैनाती रही। न्यायालय में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली गई किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
यह पूरा मामला मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप विधायक अब्बास अंसारी पर लगा था। इस संबंध में तत्कालीन थाना निरीक्षक पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर 12 फरवरी 2022 को मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 133 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया गया था। इसी प्रकरण में आज न्यायालय में सुनवाई के लिए विधायक की पेशी कराई गई।
पेशी के दौरान न्यायालय परिसर के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। पेशी के बाद विधायक न्यायालय परिसर से रवाना हो गए।
फिलहाल मामले की अगली सुनवाई की तिथि न्यायालय द्वारा निर्धारित की जानी है।
