धर्मेंद्र भारद्वाज। मऊ
मऊ, 25 जनवरी 2026
एमबीडी ग्रुप ने लिटिल फ्लावर ग्रुप ऑफ स्कूल्स, मऊ के साथ मिलकर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए JEE एवं NEET जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु एक विशेष ‘फाउंडेशन कोर्स’ की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही परीक्षा-उन्मुख एवं व्यवस्थित तैयारी उपलब्ध कराना है।
इस फाउंडेशन कोर्स का शुभारंभ लिटिल फ्लावर ग्रुप ऑफ स्कूल्स के निदेशक श्री मुरलीधर यादव, एमबीडी के जीएम सेल्स श्री दीपक मिश्रा, टीम आशोका तथा लिटिल फ्लावर चिल्ड्रन स्कूल की सभी शाखाओं के प्रधानाचार्यों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
यह कोर्स विद्यालय स्तर पर ही छात्रों को JEE, NEET एवं CUET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की बुनियादी समझ देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एमबीडी की उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका उपयोग शिक्षक कक्षा-शिक्षण के दौरान करेंगे। साथ ही, Aasoka App के माध्यम से शिक्षकों और छात्रों को डिजिटल शैक्षणिक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर निदेशक श्री मुरलीधर यादव ने कहा,
“इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को स्कूल के वातावरण में ही एक मजबूत और व्यवस्थित शैक्षणिक आधार प्रदान करना है। विषय-केंद्रित अध्ययन सामग्री और निर्देशित शिक्षण से छात्रों में प्रारंभ से ही स्पष्टता, आत्मविश्वास और प्रतियोगी सोच का विकास होगा।”
उन्होंने आगे बताया कि सरकार के उस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, जिसमें सभी बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा उपलब्ध कराने पर ज़ोर दिया गया है, विद्यालय में ही NCERT पाठ्यक्रम के साथ-साथ JEE/NEET फाउंडेशन एवं CUET की तैयारी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
यह पहल न केवल छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को सशक्त बनाएगी, बल्कि ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
