मऊ | कोपागंज में सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र में 13 जनवरी को सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का कुछ सामान, अवैध हथियार और बाइक बरामद की है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, कोपागंज नगर पंचायत के चंदनपुरा मोहल्ला निवासी सर्राफा व्यापारी जितेंद्र वर्मा 13 जनवरी की शाम घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढवल मोड़ स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जब वे टड़ियाव खाद गोदाम के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने असलहे के बल पर व्यापारी से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।

वारदात के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक इलामारन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत यादव (निवासी सरया, मुहम्मदाबाद गोहना), अश्वनी यादव (तीलई खुर्द, घोसी), राहुल चौहान (मीरपुर रहीमाबाद कटरा, मुहम्मदाबाद गोहना), अमरेश चौहान (कोइरियापार, मुहम्मदाबाद गोहना) और अंजली यादव (श्रीनगर सियार, बिलरियागंज, आजमगढ़) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 ग्राम सोना, 260 ग्राम चांदी, 15 हजार रुपये नकद, एक पिस्टल, एक तमंचा तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग टीम लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक इलामारन ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें