नंदगंज (गाज़ीपुर)। स्थानीय बाजार स्थित शहीद स्मारक इंटर कालेज, नंदगंज में बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षिक व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत संविधान की प्रस्तावना का वाचन, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों पर चर्चा-परिचर्चा, संविधान पर आधारित प्रश्नोत्तरी तथा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय राज द्वारा संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। उन्होंने छात्र-छात्राओं व शिक्षकगण को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए अनुशासित शिक्षा ग्रहण करने और संविधान के नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया।
प्रधानाचार्य उदय राज ने देश के संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अपनाया था।
प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह एवं वीरेन्द्र नाथ राम ने छात्रों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। हिंदी प्रवक्ता गिरीश चौबे ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों के योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सत्येन्द्र नाथ सिंह, रविन्द्र नाथ, कमलेश कुमार निरंकारी, सत्यनारायण पाण्डेय, अशोक कुमार सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

