नंदगंज (गाज़ीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन नंदगंज के प्लेटफार्म नंबर 2 पर यात्रियों के लिए पेयजल की सुविधा न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि गर्मी या लंबी यात्रा के दौरान पानी की अनुपलब्धता उन्हें परेशान करती है।
उल्लेखनीय है कि प्लेटफार्म नंबर 2 का निर्माण होने के समय ही पूरे प्लेटफार्म क्षेत्र में तीन स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की गई थी। पाइप लाइन भी बिछाई गई थी, लेकिन अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई। परिणामस्वरूप यह पेयजल व्यवस्था आज तक केवल शोपीस बनकर रह गई है।
यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत तब होती है जब ट्रेन से यात्रा करते समय उन्हें पानी की आवश्यकता पड़ती है। वे प्लेटफार्म पर उतरकर पानी की तलाश करते हैं, लेकिन पानी उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निराश होकर बिना पानी लिए ही वापस ट्रेन में सवार होना पड़ता है और अगले स्टेशन तक इंतजार करना पड़ता है।
क्षेत्र के लोगों ने रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि प्लेटफार्म नंबर 2 पर स्थापित पेयजल व्यवस्था को
जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और उन्हें असुविधा न झेलनी पड़े।
