तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  पर प्रतिबंध लगाने की मांग, यूथ कांग्रेस ने गाजीपुर में किया जोरदार प्रदर्शन


गाजीपुर: केरल के कोट्टायम निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आनन्दू अजी की दुखद आत्महत्या और उनके सुसाइड नोट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्यों पर लगाए गए अमानवीय कृत्य तथा यौन शोषण के गंभीर आरोपों को लेकर आज गाजीपुर में यूथ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

पूर्व अध्यक्ष यूथ कांग्रेस सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी महोदय को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से आनन्दू अजी की आत्महत्या के लिए कथित रूप से जिम्मेदार राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और देश भर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

आनन्दू अजी ने अपनी आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक अंतिम पोस्ट/सुसाइड नोट में दावा किया था कि वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शिविरों में कई सदस्यों द्वारा बार-बार यौन शोषण का शिकार हुआ, जिससे उसकी मानसिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु तिवारी ने कहा:

“केरल में आनन्दू अजी के साथ हुआ अमानवीय कृत्य अत्यंत शर्मनाक और भयावह है। एक युवा इंजीनियर को आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा, यह बताता है कि संघ की गतिविधियों की आड़ में किस तरह के जघन्य अपराध हो रहे हैं। यह घटना केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज के नैतिक पतन को दर्शाती है। हम मांग करते हैं कि आनन्दू अजी के लगाए गए आरोपों की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जाँच हो, दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, और इस तरह की संस्थाओं पर अंकुश लगाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए।”

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कुछ कांग्रेस नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में भी लिया गया, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। यूथ कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक आनन्दू अजी को न्याय नहीं मिल जाता और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

इस मौके पर धर्मेंद्र कुमार यूथ जिलाध्यक्ष, संदीप विश्वकर्मा, अजय चंद्र चौबे, मंगल यादव, कुंदन खरवार, मनु इत्यादि लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें