गाजीपुर: स्थानीय ब्लाक के ग्राम पंचायत पलिवार के ग्राम प्रधान बलवंत कुमार तथा दो अन्य लोगों पर हुए हमले में रविवार की देर शाम बहरियाबाद थाने में पूर्व प्रधान चंद्रशेखर राम सहित चार लोगों को नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना में घायल वर्तमान प्रधान के पिता बजरंगी राम की तहरीर पर केस पंजीकृत कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बहरियाबाद थानाध्यक्ष दिनेश चन्द्र पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पलिवार के ग्राम प्रधान बलवंत (32) वर्ष पुत्र बजरंगी राम तथा गांव निवासी बृजेश कुमार (39) वर्ष पुत्र सनेही राम सहित तीन लोगों पर बीते शनिवार की रात उनके घर के पास स्थित नहर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। प्रधान के सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालत गंभीर होने पर गांव के लोग ईलाज के लिए सैदपुर ले गए। जहां चिकित्सको ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी के एक प्राइवेट अस्पताल में ईलाज चल रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान प्रधान पर जानलेवा हमले के मामले में नामजद पूर्व प्रधान चंद्रशेखर राम दुष्कर्म के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
