उतरांव। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव के पास एक कटरे पर हुए चर्चित हत्याकांड के बाद सोमवार को जहूराबाद विधायक व उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। मंत्री ने मृतक रामबचन ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी भी ली।मृतक के पुत्र चंदन ठाकुर ने अभी तक अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई और जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की। इस पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार अपराध के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है और इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि सभी नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से मिलने वाली हर संभव आर्थिक सहायता भी दिलाई जाएगी। मंत्री के आगमन के दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतक रामवचन ठाकुर के परिवार से मिले मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा
