नंदगंज (गाजीपुर), 8 अप्रैल। मेरे गांव बरहपुर देवकली ब्लॉक की कब्रगाह की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है, जिससे स्थानीय मुस्लिम समुदाय में गहरी नाराजगी व्याप्त है। वर्षों से उपेक्षित इस कब्रगाह में बुनियादी सुविधाओं का अभाव साफ झलकता है, और अब यह स्थल पूरी तरह उपेक्षित नजर आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कब्रगाह की आज तक बाउंड्री वॉल नहीं बनाई गई, जिसके चलते आवारा पशु आसानी से अंदर आ जाते हैं। इससे कब्रों को नुकसान पहुंचता है और परिसर में गंदगी फैली रहती है। सुरक्षा के अभाव में यह स्थान असुरक्षित बना हुआ है।
कब्रगाह तक पहुंचने के लिए कोई समुचित रास्ता नहीं है। लोगों को झाड़ियों और कच्चे रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे अंतिम संस्कार के समय काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बैठने या ठहरने की भी कोई व्यवस्था नहीं है। बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या और विकराल हो जाती है, जिससे शव दफनाने में भी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि त्योहारों के अवसर पर जब वे अपने परिजनों की कब्र पर फातिहा पढ़ने और अगरबत्ती जलाने जाते हैं, तब भी वहां की गंदगी और अव्यवस्था के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार कब्रगाह के विकास का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। चुनावी वादे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। बरहपुर ग्राम सभा के मुस्लिम समुदाय केलोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि कब्रगाह की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए और आने-जाने के लिए पक्का रास्ता बनाया जाए ताकि मुस्लिम समुदाय के लोगों को परेशानी न हो।
