संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर। ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में संगठन विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं जिला गठन प्रभारी प्रमोद राय की ओर से जनपद के कुल 16 ब्लॉकों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसकी जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी इलेक्ट्रानिक विवेकानंद राय ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और सामाजिक गतिविधियों को गति देने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इसी क्रम में प्रदेश महामंत्री रासबिहारी राय तथा जिला उपाध्यक्ष व ब्लॉक गठन प्रभारी प्रमोद राय ने संगठन विस्तार को लेकर क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों का तूफानी दौरा भी किया। दोनों पदाधिकारियों द्वारा क्रमशः सैदपुर, सादात, एवं मनिहारी ब्लॉक स्थित गांवों का दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से मुलाकात कर संगठन की विचारधारा से अवगत कराया।
पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन विस्तार के क्रम में तीन ब्लॉकों में भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां लोगों का काफी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज के उत्थान के लिए और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा।
पदाधिकारियों ने सभी ब्लॉक पदाधिकारियों से आह्वान किया कि समय निकाल कर सभी पदाधिकारी ब्लाकों का भ्रमण अभियान तेज करें ताकि जल्दी से ब्लॉक कार्यकारिणी गठन किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह भ्रमण कार्यक्रम अनवरत जारी रहेगा।
