नंदगंज(गाज़ीपुर) गाज़ीपुर जनपद के नंदगंज स्थित शहीद स्मारक इण्टर कॉलेज में मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 का दिन बेहद भावुक और यादगार बन गया। विद्यालय परिवार ने अपने सम्मानित प्रवक्ता श्री वीरेन्द्र नाथ राम (पाल मास्टर साहब) को उनकी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में ससम्मान विदाई दी।
लगातार 38 वर्षों तक शिक्षा सेवा में समर्पित रहने वाले श्री वीरेन्द्र नाथ राम जी का व्यक्तित्व केवल एक शिक्षक तक सीमित नहीं था, बल्कि वे छात्रों के मार्गदर्शक, अभिभावक और प्रेरणास्रोत रहे। विद्यालय के बच्चे उन्हें बेहद स्नेह से “पाल मास्टर साहब” के नाम से पुकारते थे और उनके पढ़ाने का अंदाज़ हर किसी के दिल में बस गया था।
विदाई समारोह के दौरान जैसे ही उनके सम्मान में शब्द बोले जाने लगे, पूरा वातावरण भावुक हो उठा। स्वयं पाल मास्टर साहब भी अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। उनके साथ लगभग 26 वर्षों तक कार्य करने वाले सहकर्मियों ने बताया कि उनका सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन जीवन भर भुलाया नहीं जा सकता।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय राज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि
“श्री वीरेन्द्र नाथ राम जी का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने न केवल शिक्षा दी, बल्कि जीवन जीने की दिशा भी दी। उनका स्नेह और मार्गदर्शन आगे भी हम सभी को मिलता रहेगा, यही हमारी आशा ही नहीं, पूरा विश्वास है।”
यह कहते-कहते प्रधानाचार्य भी भावुक हो उठे।
पूरे विद्यालय परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घ जीवन की कामना की। समारोह में उपस्थित छात्रों की आँखें भी नम थीं, जो यह दर्शाता है कि एक सच्चा शिक्षक केवल पढ़ाता नहीं, बल्कि दिलों में हमेशा के लिए बस जाता है।
यह विदाई एक शिक्षक के सेवा-समर्पण का सम्मान ही नहीं, बल्कि उस रिश्ते का भी प्रमाण थी जो गुरु और शिष्य के बीच जीवन भर बना रहता है।
