समाजसेवी विवेक सिंह कुशवाहा व शिवरतन राजभर की पहल रंग लाई, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से कैंसर पीड़ित महिला को मिली 7 लाख की सहायता


गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के भदौरा ग्राम सभा की एक कैंसर पीड़ित गरीब महिला को इलाज के लिए 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली है। इस मदद के पीछे समाजसेवी विवेक सिंह कुशवाहा और सुभासपा के ब्लॉक अध्यक्ष शिवरतन राजभर की अहम भूमिका रही, जिनकी पहल पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सहायता स्वीकृत कराई।

जानकारी के अनुसार भदौरा गांव निवासी रिंकू राजभर पत्नी पिंटू राजभर गंभीर बीमारी कैंसर से पीड़ित थीं। आर्थिक तंगी के कारण उनका इलाज कराना परिवार के लिए बेहद मुश्किल हो गया था। लगभग दस दिन पहले समाजसेवी विवेक सिंह कुशवाहा को इस मामले की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया।

विवेक सिंह कुशवाहा ने इस मामले को आगे बढ़ाते हुए अपने मित्र और सुभासपा के भांवरकोल ब्लॉक अध्यक्ष शिवरतन राजभर से संपर्क किया। शिवरतन राजभर ने तुरंत पहल करते हुए अगले ही दिन उनकी मुलाकात कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से कराई।

इसके बाद सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर मंत्री को सौंपे गए। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सहायता का आश्वासन दिया और उनके प्रयास से कैंसर पीड़ित महिला के उपचार के लिए 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी गई।

इस मदद से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। समाजसेवी विवेक सिंह कुशवाहा ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह कदम एक गरीब परिवार के लिए जीवनदान के समान है और समाज में सेवा व संवेदना की मिसाल भी प्रस्तुत करता है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें