मुहम्मदाबाद ब्लॉक परिसर में गंदगी का अंबार, स्वच्छता अभियान की खुली पोल


गाजीपुर। गाजीपुर के मुहम्मदाबाद स्थित ब्लॉक परिसर की बदहाल व्यवस्था प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही है। एक ओर प्रदेश सरकार संचारी रोग नियंत्रण और स्वच्छता को लेकर व्यापक अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर मुहम्मदाबाद ब्लॉक परिसर में फैली गंदगी इन प्रयासों की हकीकत उजागर करती नजर आ रही है।

ब्लॉक परिसर में जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा है और नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण दुर्गंध का माहौल बना रहता है। दूर-दराज के गांवों से विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए आने वाले ग्रामीणों को इसी गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि जब सरकारी कार्यालयों की स्थिति ही ऐसी है तो गांवों में स्वच्छता व्यवस्था का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

परिसर में पीने के पानी की व्यवस्था भी बदहाल है। यहां लगा हैंडपंप और आरओ प्लांट केवल दिखावे की वस्तु बनकर रह गए हैं और लोगों को इनसे कोई लाभ नहीं मिल रहा। ब्लॉक कार्यालय में काम से आने वाले कई ग्रामीणों को मजबूरी में बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ता है।

इसके अलावा शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। एक शौचालय के दरवाजे टूटे हुए हैं और अंदर गंदगी का अंबार है, जबकि दूसरा शौचालय ताले में बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में ब्लॉक परिसर आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चला रही है, लेकिन इस तरह की गंदगी खुद बीमारी फैलने का कारण बन सकती है। बरसात और गर्मी के मौसम में मच्छरों की बढ़ती संख्या के चलते स्वास्थ्य संबंधी खतरे और भी बढ़ जाते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ब्लॉक परिसर की नियमित सफाई कराई जाए और खराब पड़े हैंडपंप व आरओ प्लांट को जल्द ठीक कराया जाए, ताकि यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण और पीने के पानी की सुविधा मिल सके। लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान की असली शुरुआत सरकारी कार्यालयों से ही होनी चाहिए।

इस संबंध में विकासखंड अधिकारी मुहम्मदाबाद ने बताया कि मामले को संज्ञान में ले लिया गया है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें