नगसर । आज बुधवार को नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन परिषदीय विद्यालयों में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत गोहदा न्याय पंचायत में न्याय पंचायत स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ जागरूकता रैली कम्पोजिट विद्यालय विशुनपुरा में निकाली गई। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम और विशिष्ट बीटीसी एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।सत्र के पहले दिन विद्यालय पहुंचे नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का टीका लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
जागरूकता रैली गांव, गली और मोहल्लों से गुजरी। इसमें शामिल छात्र-छात्राओं ने “पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया” और “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ” जैसे नारों के साथ लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उनके हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां भी थीं।शिक्षकों ने अभिभावकों से संवाद कर बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। बीईओ अशोक कुमार गौतम ने सभी शिक्षकों से घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने, अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करने और शत-प्रतिशत उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।बीईओ गौतम ने बताया कि सरकार और शिक्षा विभाग छात्रों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग और मिड-डे मील जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, जिससे शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है।
बीईओ के अनुसार, सत्र के पहले दिन पूरे ब्लॉक में लगभग 500 नए नामांकन दर्ज किए गए। विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति करीब 80 प्रतिशत रही। नामांकन बढ़ाने और उपस्थिति को शत-प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।इस अवसर पर प्रवीण शुक्ला, संत कुमार गुप्ता, सौरभ सिंह, भगवती तिवारी, प्रेम उपाध्याय, सत्यपाल जायसवाल, इंदु देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुधीर उर्फ सुनील सिंह, मंगल दीप सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, धर्मेंद्र कन्नौजिया, अरशद हसन, विनोद सिंह, मिथलेश सिंह, अवधेश विश्वकर्मा, आलोक कुमार, संजय सिंह, अजय सिंह, इंद्रमोहन सिंह, राकेश रोशन तिवारी, कवींद्र कुमार, जयप्रकाश, डेजी शर्मा और चंद्रशेखर त्रिपाठी सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
