गाजीपुर: जिले के सादात क्षेत्र से एक गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं के साथ भेदभाव और पक्षपात करने का मामला सामने आया है।
सादात स्थित भाग्य लक्ष्मी इंडेन गैस एजेंसी पर आरोप है कि वह नियमों को ताक पर रखकर अपने चहेतों को गैस सिलेंडर बांट रही है, जबकि आम उपभोक्ता घंटों धूप में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। शिशवापार सादात के निवासी विनोद कुमार यादव का आरोप है कि एजेंसी के कर्मचारी, विशेष रूप से लोकनाथ यादव, उन लोगों को प्राथमिकता दे रहे हैं जो उनके जान-पहचान के हैं या जो प्रभावशाली हैं।
विनोद यादव का कहना है कि
“हम सुबह से लाइन में खड़े हैं, लेकिन एजेंसी वाले लाइन में लगे लोगों को छोड़कर बीच में आने वाले अपने परिचितों को गैस दे रहे हैं। जो लोग दबंगई दिखा रहे हैं, उन्हें पहले गैस दी जा रही है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है
गैस एजेंसी के बाहर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हैं और कई उपभोक्ता जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग
क्षेत्रीय निवासियों ने जिला आपूर्ति अधिकारी और स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि भाग्य लक्ष्मी गैस एजेंसी के वितरण रजिस्टर की जांच की जाए यदि कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की धांधली पर रोक लग सके।
