गाजीपुर। भांवरकोल विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय श्रीपुर में बुधवार को नवारंभ उत्सव, बालवाटिका एवं स्कूल अभिनंदन समारोह बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र में विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों का स्वागत करना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत, कविता और विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार रंजन ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें, ताकि बच्चे आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक गुलशन कुमार, संजय राय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
