गाजीपुर मुहम्मदाबाद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी ने गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में ईंधन की आपूर्ति, स्टॉक की स्थिति तथा उपभोक्ताओं को समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप मालिकों को निर्देशित किया कि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना संचालकों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता की शिकायत मिली तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में ईंधन की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि घबराकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने-अपने स्तर से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि उपभोक्ताओं को समय पर ईंधन उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय, नायब तहसीलदार नीतीश शाहनी, प्रवीण गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी, पेट्रोल पंप संचालक और गैस एजेंसी संचालक मौजूद रहे।
