मुहम्मदाबाद में अतिक्रमण से बढ़ी जाम की समस्या, दिन-रात जाम में फंस रहे लोग


गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर में अतिक्रमण के कारण यातायात जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़कों और पटरियों पर बढ़ते अवैध कब्जों से लोगों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों में प्रशासन और नगर पालिका के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।नगर के तहसील मुख्यालय से गुजरने वाली गाजीपुर‑चितबड़ागांव मार्ग पर दीवानी न्यायालय के पास से तहसील तिराहा, नगर पालिका गेट और केशरी मोड़ तक सड़कों की पटरियां अतिक्रमण की चपेट में हैं। नगर पालिका गेट के पास फल विक्रेताओं द्वारा सड़क किनारे ठेले लगाकर दुकानें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा कई दुकानदार सड़क पर ही विज्ञापन बोर्ड लगा देते हैं, जिससे ग्राहकों की बाइक और ई-रिक्शा सड़क पर खड़े हो जाते हैं और बार-बार जाम की स्थिति बन जाती है।

इसी तरह शहीद पार्क तिराहा से ब्लॉक कार्यालय तक की सड़क की पटरियां भी अतिक्रमण से प्रभावित हैं। तहसील गोलंबर से यूसुफपुर बाजार जाने वाली सड़क, बिट्ठल चौराहा और यूसुफपुर मशीनरी रोड पर भी दुकानदारों ने सामान और बोर्ड रखकर अवैध कब्जा कर लिया है। इसके कारण चौड़ी सड़कें संकरी होकर गलियों जैसी बन गई हैं और बाजार में आने-जाने वाले लोग जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका अतिक्रमण हटाने के बजाय केवल ध्वनि यंत्रों के माध्यम से पटरी खाली करने की अपील कर औपचारिकता निभा रही है। इससे अतिक्रमण कम होने के बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है।

अधिवक्ता राजकिशोर अग्रवाल ने बताया कि अधिकारी जाम के दौरान वाहनों से हूटर बजाते हुए निकल जाते हैं, लेकिन जाम की समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। वहीं उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी ने कहा कि जल्द ही अभियान चलाकर नगर में अतिक्रमण हटवाया जाएगा, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें