सेवराई। तहसील मुख्यालय स्थित कंपोजिट विद्यालय सेवराई से बुधवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के चयनित छात्र-छात्राओं को एकदिवसीय शैक्षिक भ्रमण के लिए वाराणसी रवाना किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों की टीम को उत्साहपूर्वक रवाना किया।
एआरपी विज्ञान भदौरा सत्य प्रकाश पांडेय ने बताया कि शासन की इस पहल का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक सोच को विकसित करना है। इसी क्रम में शिक्षा क्षेत्र भदौरा के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों से विज्ञान में रुचि रखने वाले 100 छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें वाराणसी स्थित सब्जी अनुसंधान संस्थान के भ्रमण के लिए भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान बच्चे वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे सब्जियों के शोध कार्यों, नई किस्मों के विकास और आधुनिक खेती से जुड़ी तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान और कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में नई जानकारी हासिल होगी तथा उनकी जिज्ञासा और समझ में भी वृद्धि होगी।
प्रधानाध्यापक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तेज-तर्रार और विज्ञान में विशेष रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को इस शैक्षिक भ्रमण के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान बच्चों को रास्ते में पड़ने वाले कुछ दर्शनीय स्थलों का भी अवलोकन कराया जाएगा, जिससे उनका शैक्षिक और सामान्य ज्ञान दोनों बढ़ेगा। शासन की ओर से बच्चों के लिए टोपी, टी-शर्ट तथा भोजन की भी व्यवस्था की गई है। करीब 100 छात्र-छात्राओं के साथ लगभग 15 शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शैक्षिक भ्रमण के लिए साथ रवाना हुए, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर संतोष सिंह, राजेन्द्र राम, सत्य प्रकाश पांडेय, अवधेश चौबे, हेम कुमार गौंड, स्मृता सिंह, सुनीता सिंह, दिनेश सिंह, प्रेमचंद, वंदना पांडेय, सुष्मिता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
