नंदगंज (गाज़ीपुर)। ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी गाज़ीपुर के तत्वावधान में द्वितीय वार्षिक कार्यशाला एवं होली मिलन समारोह का आयोजन आगामी 15 मार्च को प्रातः 10 बजे लहुरी काशी पैलेस, चंदननगर, रौजा गाज़ीपुर में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से दवा व्यवसाय से जुड़े केमिस्ट बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
सोसायटी के महामंत्री अश्वनी राय ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के केमिस्टों के बीच एकता, सहयोग और आपसी संवाद को और अधिक मजबूत करना है। कार्यशाला के दौरान दवा व्यापार से संबंधित नियमों, व्यवसाय में आ रही विभिन्न समस्याओं तथा केमिस्टों के हित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही दवा व्यापार के सामने आ रही चुनौतियों और उनके समाधान के लिए भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले केमिस्ट बंधुओं को एक मंच पर अपने विचार रखने और अपनी समस्याओं को साझा करने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल आपसी समझ बढ़ेगी बल्कि संगठन को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यशाला के समापन के बाद होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सभी सदस्य एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देंगे और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश देंगे।
बुधवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संयोजक जयप्रकाश, चेयरमैन अजय सर्राफ, अध्यक्ष राम औतार यादव, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार, संयुक्त मंत्री प्रदीप कुशवाहा, ऑडिटर राम आशीष प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
महामंत्री अश्वनी राय ने जनपद के सभी केमिस्ट बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर संगठन की एकता को मजबूत बनाएं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि केमिस्टों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे आयोजन इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
