गाजीपुर। मुहम्मदाबाद स्थित खरडीहा महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. यदुवंश (राज कॉलेज जौनपुर) ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुंवर भानु प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डॉ. यदुवंश ने कहा कि शिविर के दौरान छात्र पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर रैलियां निकालकर गोद लिए गए गांवों के लोगों को जागरूक करेंगे।
प्राचार्य डॉ. कुंवर भानु प्रताप सिंह ने छात्रों को योग करने, दहेज प्रथा समाप्त करने और राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रेरित किया। वहीं महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. आनंद कुमार त्रिपाठी ने महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सुशील कुमार यादव ने छात्रों से सेवा भाव अपनाकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार राय ने सात दिवसीय शिविर के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. शिवशंकर, मेहंदी हसन, अशोक, रूपेश राय, सर्वानंद तिवारी, दीनानाथ, सुरेश, दीपक सहित कई लोग उपस्थित रहे।
