गाजीपुर। मुहम्मदाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को जुमा की नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। रमजान माह के चलते मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। प्रशासन ने किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पहले से ही एहतियाती कदम उठाए।
क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस बल नगर की प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहा। पुलिस टीम फतेहबाग, जामा मस्जिद, तहसील गोलंबर मस्जिद, यूसुफपुर जामा मस्जिद, मछली बाजार मस्जिद, यूसुफपुर डाकघर के समीप स्थित मस्जिद, जमालपुर मस्जिद और दाउदपुर मस्जिद समेत कई स्थानों पर निगरानी करती रही। नमाज के दौरान पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर हालात पर नजर बनाए हुए थे।
नमाज सकुशल संपन्न होने के बाद स्थिति सामान्य रही और कहीं से भी किसी तरह की अप्रिय सूचना सामने नहीं आई। रमजान के चलते मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे, लेकिन पूरे इलाके में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।
क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में किसी विरोध प्रदर्शन की सूचना नहीं थी, फिर भी एहतियातन पुलिस बल को सतर्क रखा गया था ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जा सके।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी, शाहनिन्दा चौकी प्रभारी अरविंद कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष राय और करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश पटेल भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों की मस्जिदों के आसपास पुलिस बल के साथ मुस्तैद दिखाई दिए।
