नंदगंज (गाज़ीपुर)। सदर विधानसभा क्षेत्र के करंडा ब्लॉक अंतर्गत धामूपुर धरवा से सौरम जाने वाली सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं, वहीं रामेश्वर सिंह के खेत के पास स्थित पुलिया पिछले कई वर्षों से टूटी हुई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय समाजसेवी संजय कुमार यादव (बच्चू की मड़ई) ने बताया कि इसी मार्ग से एस.आर. पब्लिक स्कूल, सुमित्रा रामधारी स्कूल तथा बेहफी जंगी स्कूल के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क के क्षतिग्रस्त होने और पुलिया टूटे होने के कारण बच्चों के साथ-साथ राहगीरों को भी हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि यह सड़क बच्चू की मड़ई और सोती की मड़ई को जोड़ते हुए अडारे के रास्ते चोचकपुर तक जाती है, जिससे क्षेत्र के कई गांवों के लोग आवागमन करते हैं। सड़क और पुलिया की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
समाजसेवी संजय कुमार यादव ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस सड़क की मरम्मत तथा टूटी हुई पुलिया का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
